
उत्तराखंड
पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री होंगे। उनके नाम का आधिकारिक एलान कर दिया गया है। इससे पहले कंजर्वेटिव पार्टी का नेता बनने की दौड़ से पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद से ही सुनक का नाम लगभग तय हो गया था। अंतिम समय में हाउस ऑफ कामंस की नेता पेनी मोरडौंट ने भी अपना नाम वापस ले लिया। इसकं बाद सुनक के नाम पर अंतिम मुहर लगी। वे ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के और पहले गैर-श्वेत प्रधानमंत्री बनेंगे।
इससे पहले पिछले हफ्ते लिज ट्रस के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे का एलान कर दिया था। इसके बाद सत्ताधारी दल इस साल तीसरे प्रधानमंत्री को चुनने में जुटा था। इस समय ब्रिटेन गंभीर राजनीतिक उथलपुथल और गंभीर आर्थिक चुनौतियों का भी सामना कर रहा है।कंजर्वेटिव पार्टी के कई चर्चित सांसदों ने जॉनसन के खेमे को छोड़ते हुए भारतीय मूल के सुनक का समर्थन किया है। इनमें पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल, कैबिनेट मंत्री जेम्स क्लेवर्ली और नदीम जहावी के नाम भी शामिल हैं। पटेल भारतीय मूल की पूर्व ब्रिटिश मंत्री हैं जिन्होंने पिछले महीने लिज ट्रस के प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि कंजर्वेटिव पार्टी को सुनक को नेतृत्व करने का मौका देना चाहिए।
भारतीय मूल के 42 वर्षीय सुनक एकमात्र उम्मीदवार हैं, जिन्हें 150 से अधिक सांसदों का समर्थन हासिल है। यह संख्या चुनाव लड़ने के लिए आवश्यक भी है। वहीं, हाउस ऑफ कामंस की नेता पेनी मोरडौंट को अभी तक बहुत कम समर्थन हासिल हुआ। इस वजह से अंतिम समय में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।