
उत्तराखंड
सैन्यधाम में अमर जवान ज्योति के लिए 21 पवित्र नदियों का जल कलशों में देहरादून लाया गया है। जल संग्रहण यात्रा का देहरादून स्थित घंटाघर पहुंचने पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई लोगों ने पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा, पवित्र जल को अमर जवान ज्योति के मुख्य स्तंभ की आधारशिला में अर्पित किया जाएगा। कहा, पूरे देश के विभिन्न स्मारकों का अध्ययन करने के बाद सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा है। भारतीय सेना में जिन दो सैनिकों की पूजा होती है, बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह, उनके मंदिर भी सैन्य धाम में बनाए जा रहे हैं।
सीडीएस के नाम से होगा सैन्यधाम का मुख्य गेट
इसी तरह सैन्यधाम का मुख्य गेट देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से बनाया जाएगा। सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि सैन्य धाम बनने के बाद जिस तरह चारों धामों के दर्शन के लिए लोग आते हैं। उसी तरह सैन्यधाम को देखने के लिए भी यहां लोग पहुंचेंगे। कलश यात्रा में 11 पंडित भी शामिल थे, जो मंत्रोच्चार करते हुए जल लेकर देहरादून पहुंचे।