
टिहरी। 13 सूत्रीय मांगों को लेकर टिहरी के कोटी कालोनी में गढवाल मंडल विकास निगम के कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना दिया। धरने के बाद कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। दरअसल गढ़वाल एवं कुमाउं मण्डल संयुक्त कमर्चारी मंहासंघ कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिये मांग कर रहा है। इसी के तहत जनपदवार धरने का कार्यक्रम रखा गया है। कर्मचारियों ने मांग की है कि जिन कर्मचारियों को 15 से 20 वर्ष काम करते हो गये है , उन्हे नियमित किया जाय। कर्मचारियों ने कहा कि कोरोनाकाल में पर्यटन व्यवसाय को खासा नुकसान पंहुचा है, इसलिये इस दौरान कर्मचारियों के जो देयक रूके हुये हैं, उनका भुगतान किया जाय, दोनों निगमों को पर्यटन विकास परिषद में समायोजित किया जाय। निगमों में पदोन्नति की जाय साथ ही चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्तियां की जायं। कर्मचरियों ने कहा कि रेत खनन का कार्य निगमों को दिया जाय, दोनों निगमों के अतिथि गृहों को निजी लोगों का न दिये जांय। कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने की भी मांग की है।