ऑपरेशन प्रहार का असर—जमानत पर घूम रहा हत्यारोपी फिर पहुंचा सलाखों के पीछे

टिहरी

ऑपरेशन प्रहार का असर—जमानत पर घूम रहा हत्यारोपी फिर पहुंचा सलाखों के पीछे

जनपद टिहरी गढ़वाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा निरंतर सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में थाना कीर्तिनगर पुलिस द्वारा त्वरित  कार्रवाई करते हुए एक ऐसे अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जो पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर चल रहा था।

पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि डंगवाल गधेरा रोड, चौरास क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा है तथा स्थानीय निवासियों को धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची।मौके पर पाया गया कि मोहित बिष्ट उर्फ राहुल, निवासी मढ़ी चौरास, थाना कीर्तिनगर, शराब के नशे में धुत होकर स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था तथा शोर-शराबा कर क्षेत्र का माहौल खराब कर रहा था। पूछताछ के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि उक्त अभियुक्त पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर है। वह अपने आपराधिक इतिहास का भय दिखाकर क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास करता रहता है।

स्थानीय निवासियों द्वारा पुलिस को बताया गया कि अभियुक्त आए दिन शराब के नशे में गाली-गलौज और हंगामा करता है, जिससे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बना रहता है। पुलिस द्वारा मौके पर अभियुक्त को समझाने का प्रयास किया गया, किंतु उसके आक्रामक और उग्र व्यवहार को देखते हुए शांति भंग की आशंका के आधार पर तत्काल उसे हिरासत में लिया गया।

पुलिस की इस त्वरित एवं सजग कार्रवाई के चलते एक संभावित गंभीर आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 170/126/135(3) BNSS के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी  के  नेतृत्व में जनपद पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। आमजन को डराने-धमकाने, हंगामा करने या शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।