टिहरी सू.वि.
घेराधार विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति शिकायत पर एडीएम ने लिया संज्ञान
दूरस्थ विद्यालयों के नियमित एवं ऑनलाइन निरीक्षण के निर्देश
पावकी देवी उपतहसील में आयोजित तहसील दिवस के दौरान घेराधार ग्रामवासियों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज घेराधार में कुछ अध्यापकों एवं लिपिकीय स्टाफ के अत्यधिक अनुपस्थित रहने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आज अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी से विद्यालय की उपस्थिति पंजिका की तत्काल फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्राप्त अभिलेखों का अवलोकन करने पर पाया गया कि शिक्षकगण की अनुपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई।
अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जहां से इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होती हैं, वहां ऑनलाइन माध्यम से भी निरीक्षण एवं उपस्थिति सत्यापन की कार्यवाही की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू एवं पारदर्शी बनी रहे।
एडीएम ने किया राजकीय आईटीआई मुनिकीरेती का आकस्मिक निरीक्षण
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुनिकीरेती का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य सहित समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया।
निरीक्षण के समय कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा था, जिसपर प्रधानाचार्य द्वारा अवगत कराया गया कि संस्थान का निर्धारित समय पूर्ण हो चुका है। संस्थान में वर्तमान में सिलाई-कढ़ाई एवं इलेक्ट्रिकल ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 29 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
प्रधानाचार्य द्वारा बताया गया कि वर्तमान में संस्थान उत्तरप्रदेश उपभोक्ता संघ के जर्जर भवन में संचालित किया जा रहा है। इस पर उन्होंने संस्थान हेतु स्थायी भूमि एवं भवन उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी।
साथ ही छात्रों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था हेतु टीएचडीसी सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से सीएसआर मद के अंतर्गत सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया। जिस पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा संबंधित विषयों पर आवश्यक पत्रावली तैयार करने के निर्देश दिए गए।
