टिहरी
सीएचसी चौंड़ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
प्रतापनगर विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी ने किया शिविर का उद्घाटन
जनपद टिहरी गढ़वाल के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के आमजन को उनके निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र पर गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चौंड़ में दिनांक 25 जुलाई 2026 से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में श्रीमती मनीषा पंवार, ब्लॉक प्रमुख; श्री रोशन रांगड़, अध्यक्ष नगर पंचायत; श्री हरि डिमरी, जिला पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों को ऑर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग), स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनेकोलॉजी), ईएनटी (नाक-कान-गला) सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक श्री विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होती है, जिससे उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलती है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। शिविर के माध्यम से आमजन को समयबद्ध स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
