अंकिता भंडारी को न्याय दो: दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में गांधी पार्क में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

देहरादून

अंकिता भंडारी को न्याय दो: दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में गांधी पार्क में प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया – CBI जांच से बचाने के लिए VIP को दी जा रही है संवैधानिक उन्मुक्ति

अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आज गांधी पार्क, देहरादून में अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच और विभिन्न जन-संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में शामिल संगठनों ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में जिस VIP की चर्चा शुरू से हो रही है, वह कथित रूप से दुष्यंत गौतम हैं और उन्हें CBI जांच से बचाने के लिए ही मोदी सरकार ने सिक्किम का राज्यपाल बनाकर संवैधानिक उन्मुक्ति देने का काम किया है।

इस दौरान नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने अंकिता को न्याय देने की मांग की।

बाद में मंच की ओर से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी, देहरादून के माध्यम से प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी की ओर से एक प्रशासनिक अधिकारी ने गांधी पार्क पहुंचकर ज्ञापन ग्रहण किया और उसे राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं:

1. अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP के रूप में चर्चित दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति को तत्काल निरस्त किया जाए।

2. इस पूरे मामले में दुष्यंत गौतम की भूमिका की CBI जांच शुरू की जाए।

मंच ने बताया कि इस मामले को लेकर एक सार्वजनिक ऑनलाइन अपील भी चलाई जा रही है, जिसमें आम नागरिकों से समर्थन की अपील की गई है।