टिहरी
जिला पंचायत अध्यक्ष रहते प्रतापनगर क्षेत्र में कराए कई महत्वपूर्ण कार्यः सोना
भाजपा की संगठनात्मक बैठक में 2027 के विस चुनाव को लेकर हुई चर्चा
प्रतापनगर विधानसभा की भाजपा की संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने और गांव-गांव जाकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने को कहा गया। कहा कि सरकार की योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं। वंचितों को योजनाओं का लाभ दिलाएं और जिनको लाभ मिल गया है उन्हें इसका प्रचार-प्रसार करने को भी कहें।

जिलाध्यक्ष उदय रावत का स्वागत करती पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण
शुक्रवार को ओण पट्टी के देवल गांव में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक का जिलाध्यक्ष उदय रावत ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतापनगर में भाजपा का विधायक बनाना जरूरी है। विकास के रूप में यह क्षेत्र पिछड़ गया है। ऐसे में कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। सरकार में दायित्वधारी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा की बेहतरीन टीम है। पिछले चुनाव में कुछ कमियां रह गई थी, जिसे इस बार पूरा करना है। मिलकर क्षेत्र के विकास में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अपने जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल में कराए गए कार्यों को गिनाया। जिसमें जलकुर पंपिंग योजना के लिए एकमुश्त 40 लाख रुपये से अधिक की धनराशि का आवंटन, सिंचाई नहरों का निर्माण, सेम-मुखेम में यात्रियों की सुविधा के लिए शेड, प्रतीक्षालय, शौचालय सहित सौंदर्यीकरण कार्य के अलावा कई निर्माण कार्य शामिल हैं। सजवाण ने सभी कार्यकर्ताओं से सरकार और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। विधानसभा चुनाव के प्रभारी जोत सिंह बिष्ट ने विधानसभा के वोटर, पोलिंग स्टेशन, पिछले चुनाव में मिले मत, आगामी तैयारी, बूथ प्रबंधन के टिप्स दिए। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रमेश रतूड़ी, मुरारी रांगड़, नंद किशोर पैन्यूली, प्रदेश कार्य समिति सदस्य गोविंद रावत सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
