भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र का एक भी वादा पूरा नहीं किया : राकेश राणा

देवप्रयाग

भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र का एक भी वादा पूरा नहीं किया : राकेश राणा

अंकिता भंडारी प्रकरण से ध्यान भटकाने के लिए 23 वर्ष पुराने जेनी प्रकरण को चर्चा में लाने का प्रयास कर रही भाजपा : राणा

देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंद्रबदनी एवं हिंडोलाखाल की संगठनात्मक बैठकों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं जनपद देवप्रयाग–नरेंद्रनगर के प्रभारी राकेश राणा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने वर्ष 2017 एवं 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज तक उन वादों को धरातल पर उतारने में पूरी तरह विफल रही है। भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे आज भी अधूरे हैं और जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

राकेश राणा ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। कांग्रेस शासनकाल में बनी ग्रामीण सड़कों की हालत आज बदहाल है। गांवों में विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं और कई विद्यालय बंद होने की कगार पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं तथा मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण रोजगार गारंटी योजना भी प्रभावित हो रही है। बिजली की बढ़ती दरों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। वहीं, हर घर नल-हर घर जल योजना के नाम पर ग्रामीणों से पानी के बिल तो वसूले जा रहे हैं, लेकिन अनेक गांवों में लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण ने पूरे प्रदेश की जनता को झकझोर कर रख दिया है। इस प्रकरण में उठ रहे गंभीर सवालों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा द्वारा 23 वर्ष पुराने जेनी प्रकरण को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। जनता अब ऐसे मुद्दों की राजनीति को समझ चुकी है और वास्तविक सवालों के जवाब चाहती है।

राणा ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री  मंत्री प्रसाद नैथानी के कार्य आज भी विकास की पहचान बने हुए हैं। देवप्रयाग में स्थापित संस्कृत अकादमी इसका उदाहरण है। वहीं, प्रस्तावित एनसीसी अकादमी को भाजपा सरकार द्वारा दूसरे जनपद में स्थानांतरित किए जाने से क्षेत्र की जनता में आज भी गहरी नाराजगी है। देवप्रयाग विधानसभा के साथ विकास के मामले में लगातार उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता भाजपा को उसके वादाखिलाफी और विकास विरोधी रवैये का जवाब देगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को सुनें तथा भाजपा सरकार की वादाखिलाफी, जनविरोधी नीतियों और नाकामियों को जनता के सामने रखें। संगठन की मजबूती ही आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत का आधार बनेगी।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं नरेंद्रनगर विधानसभा प्रभारी यशपाल चौहान तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज बनकर खड़ी रही है। कांग्रेस की राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, जनहित और विकास पर आधारित है। पार्टी कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर संगठन को मजबूत करें।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद सजवाण एवं महिमानंद डोभाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया है। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं की अनदेखी की गई है। जनप्रतिनिधियों ने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने के बजाय चुनिंदा लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है, जिसका जवाब जनता आगामी चुनाव में देगी।

बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ नेता अरविंद सजवाण, महिमानंद डोभाल, राजेंद्र चंद, डॉ. जितेंद्र प्रसाद उनियाल, नगर पालिका सभासद, सोशल मीडिया टिहरी के अध्यक्ष नवीन सेमवाल, सोशल मीडिया अध्यक्ष रामलाल नौटियाल, पीसीसी सदस्य श्यामलाल आर्य, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश भट्ट, हिंडोलाखाल ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश राणा, राजेंद्र सिंह भंडारी, शिव सिंह, ज्योति कठैत, पूर्णानंद राठौड़ी, मकान सिंह चौहान, राजेंद्र कुमार, अनिल कुमार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा रावत, रीना भटगाई, अनीता रावत, विजय कुमार, गिरीश कुमार, कमल सिंह भंडारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।