मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

देहरादून

मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : मुख्यमंत्री

उत्तरकाशी के मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में अग्निकांड की घटना पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा दुःख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देती हैं : मुख्यमंत्री

धार्मिक स्थलों के विकास एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखण्ड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना एवं रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री श्री गंभीर सिंह धामी एवं श्री किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति के अध्यक्ष श्री शेर सिंह दानू, श्री हिमांशु बिष्ट, श्री रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने झनकईया गंगा स्नान मेले का किया शुभारंभ, दो स्थानों पर स्नान घाट निर्माण की घोषणा

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों और लोक परंपराओं का प्रतीक है झनकईया मेला : मुख्यमंत्री

सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया एवं काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराएं परस्पर जुड़ी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस मेले को विशेष पहचान प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर भी प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव तथा देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने एवं आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखण्ड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय एवं सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान करने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा एवं जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को विकसित किया जाएगा। क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी एवं सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, श्री गंभीर सिंह धामी, श्री किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष श्री शेर सिंह दानू, श्री हिमांशु बिष्ट, श्री रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी के मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में अग्निकांड की घटना पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा दुःख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।