उत्तराखंड
देहरादून: पलटन बाजार में दिल दहलाने वाली घटना, 23 वर्षीय युवती का गला काटकर हत्या
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर एक सनसनीखेज और बेहद दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में 23 साल की युवती की गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, युवती घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान एक युवक से बातचीत के दौरान उस पर अचानक हमला हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने चापड़ से युवती का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और आक्रोश फैल गया। बाजार की दुकानें बंद रहीं और लोगों ने सड़क पर उतरकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मन्नूगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी न केवल शादीशुदा है, बल्कि उसका एक बच्चा भी है। हत्या के पीछे के कारणों की तलाश के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला एकतरफा रंजिश या प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद घटनास्थल और अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि गुंजन ने दो दिन पहले ही खुड़बुड़ा चौकी में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज गुंजन जिंदा होती।
