उत्तराखण्ड
महाराष्ट्र डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश, डिप्टी CM समेत पांच लोगों का निधन
महाराष्ट्र के बारामती में बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया है। उनका प्लेन अचानक क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि बारामती में लैंडिंग करते हुए ही प्लेन क्रैश हुआ है। वे 66 साल के थे। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई।
पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। यह भी जानकारी मिली है कि लैंडिंग के दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। घटना के समय बारामती के फ्लाइंग क्लब में कोई विमान उड़ान पर नहीं था।
हादसे के समय अजित के चाचा शरद पवार मुंबई और सुप्रिया सुले दिल्ली में थे। जानकारी मिलते ही वे परिवार के साथ बारामती के लिए रवाना हो गए। महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने आज स्कूलों की छुट्टी घोषित की है, वहीं राज्य में 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
