आज की सुर्खियां।। खबरें जनपद से विदेश तक। 2 नवंबर 21।

त्यौहार

आज है शुभ धनतेरस।

आज धनतेरस से दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है. इस दिन नई चीजों को खरीदने की परंपरा है. वहीं यदि शुभ मुहूर्त में खरीदारी करते हैं, तो उसका शुभ फल प्राप्त होता है. इस बार तीन ग्रहों की युति के अलावा त्रिपुष्कर योग बन रहा है. इस योग में खरीदारी से तीन गुना अधिक शुभ फल प्राप्त होगा।
धनतेरस के दिन सोने-चांदी के अलावा बर्तन खरीदने की परंपरा हैं. इस दिन धनवंतरि पूजन होता है. इसके अलावा मां लक्ष्मी और कुबेर की भी पूजा की जाती है।
त्रिपुष्कर योग मंगलवार और द्वादशी तिथि के संयोग से बनता है. द्वादशी तिथि 1 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 21 मिनट से और 2 नवंबर सुबह 11:30 तक रहेगी. इसलिए इस योग का लाभ 2 नवंबर को सुबह 11 बजकर 30 मिनट तक मिलेगा. इसके बाद आप शाम को 6 बजकर 18 मिनट से रात को 10 बजकर 21 मिनट तक रहेगा।

टिहरी-

एसबीआई ने अस्पताल में भेंट किये स्वास्थ्य उपकरण

नरेंद्र नगर – एसबीआई ने अस्पताल को भेंट किए 23 लाख के उपकरण
सामाजिक दायित्व के तहत भारतीय स्टेट बैंक नई टिहरी व नरेंद्रनगर शाखा की ओर से श्रीदेव सुमन संयुक्त अस्पताल नरेंद्रनगर को 23 लाख 10 हजार की धनराशि से विभिन्न चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों से रोगियों का विश्वास जीतने की अपील की।कृषि मंत्री उनियाल ने कोरोना काल के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अस्पताल के सीएमएस डा. अनिल नेगी, डा. तुलसी बिष्ट, डा. अनिल बिष्ट, डा. आकांक्षा जोशी, डा. जगदीश जोशी, डा. सुनीता कुमारी सहित पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने एसबीआई से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग देने की अपील की।

उत्तराखंड मौसम

पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार, अब तेजी से बढ़ेगी बढ़ेगी ठंड।

मौसम के बदले मिजाज से राजधानी दून के अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बारिश होने के आसार हैं। हालांकि इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बहुत अधिक नहीं है। ऐसे में बहुत अधिक चिंता की जरूरत नहीं है। वहीं ठंड का तेजी से बढ़ना तय है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। 

उत्तराखंड

देवस्थानम बोर्ड के विरोध में उतरे तीर्थ पुरोहित, बंद कराए सभी प्रतिष्ठान, सरकार को दी चेतावनी।

गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित भी आज देवस्थानम बोर्ड के विरोध में सड़कों पर उतर गए हैं। बोर्ड के विरोध में तीर्थ पुरोहितों ने गंगोत्री में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान तीर्थ पुरोहित समाज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही सरकार बोर्ड को भंग नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान पुरोहितों ने बाजार से लेकर मुख्य मंदिर तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया।

शिक्षा

सीबीएसई बोर्ड 9वीं व 10वीं छात्रों के लिए अच्छी खबर।

नौवीं व दसवीं के विद्यार्थी घर बैठकर प्रैक्टिकल की तैयारी कर सकेंगे, सीबीएसई प्रयोगों का सेट किया तैयार
9वीं और 10वीं के विद्यार्थी अब घर में ही साइंस प्रैक्टिकल की तैयारी कर सकेंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने विद्यार्थियों के लिए सुलभ घरेलू सामग्री का उपयोग करके वैकल्पिक प्रयोगों का एक सेट तैयार किया है। इसके माध्यम से वे घर में ही इन गतिविधियों को कर सकेंगे। बोर्ड ने स्कूलों को इन गतिविधियों की सूची भी उपलब्ध करा दी है। इसके अलावा, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) लैब मैनुअल से 9वीं कक्षा के लिए 20 व 10वीं कक्षा के लिए 22 गतिविधियों की सूची उपलब्ध कराई है।

T 20 वर्ल्डकप

जोस बटलर ने टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, इंग्लैंड ने लगाया जीत का चौका; सेमीफाइनल में पक्की की जगह।

जोस बटलर ने सोमवार यानी एक नवंबर 2021 की रात शारजाह में टी20 बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला T20 इंटरनेशनल शतक लगाया। इसके साथ ही इंग्लैंड का यह बल्लेबाज आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में तिहरे अंक तक पहुंचने वाला पहला बल्लेबाज बन गया।मैन ऑफ द मैच जोस बटलर ने टी20 विश्व कप 2021 के 29वें मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ कठिन पिच पर 67 गेंद में नाबाद 101 रन बनाए। उनकी यह पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने शुरुआती 30 गेंद में सिर्फ 24 रन बनाए थे, लेकिन बाद की 37 गेंद में उन्होंने 77 रन ठोक डाले।

देश-

प्रधानमंत्री मोदी का विदेश धरती पर LIFE व पंचामृत मंत्र।

ग्लास्गो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का LIFE मंत्र और ‘पंचामृत’ भी
ग्लस्गो। ग्लासगो में ‘वर्ल्ड लीडर समिट ऑफ कोप-26’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है, जो जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पेरिस घोषणापत्र की प्रतिबद्धताओं को ‘अक्षरश:’ पूरा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दों से निपटने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।
इस अवसर पर मोदी ने कहा कि मैं आपके समक्ष एक One-Word Movement का प्रस्ताव रखता हूं। यह एक शब्द, क्लाइमेट के संदर्भ में एक विश्व का मूल आधार बन सकता है। अधिष्ठान बन सकता है। यह एक शब्द है- LIFE…एल.आई.एफ.ई. यानी Lifestyle For Environment है।

विदेश

अफगानिस्तान- चरमरा गई स्वास्थ्य व्यवस्था।

अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के काबिज होने के बाद उपजी कई समस्याओं में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराना भी शामिल है। तालिबान के आने से पहले जो दिक्कतें थीं, वे अब बढ़ गई हैं और देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वालों को नए निजाम के साथ तालमेल बैठाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
यह आर्थिक संकट ऐसे देश में हुआ जो खुद विदेशी सहायता पर निर्भर था। इसके परिणामस्वरूप स्वास्थ्य क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तालिबान सरकार के उप स्वास्थ्य मंत्री अब्दुलबारी उमर ने कहा कि विश्व बैंक अफगानिस्तान के 3,800 चिकित्सा केंद्रों में से 2,330 को वित्त पोषण देता था जिससे स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन भी दिया जाता था। नई सरकार आने के पहले कई महीनों से डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को वेतन नहीं मिला।

1. एटलस नाम का जहाज 1834 में भारतीय मजदूरों को लेकर मॉरिशस पहुंचा था जिसे वहां अप्रवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है।

2. अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ख़राब सोलर पंखों को ठीक करने के बाद डिस्कवरी 2007 को यात्री धरती पर सुरक्षित लौटे।

3. सिखों के चौथे गुरु रामदास का जन्म 1534 में हुआ।

धनतेरस पर विशेष मंत्र से होगा शुभ व लाभ।

ॐ नमो भगवते महासुदर्शनाय वासुदेवाय धन्वंतराये:
अमृतकलश हस्ताय सर्व भयविनाशाय सर्व रोगनिवारणाय।
त्रिलोकपथाय त्रिलोकनाथाय श्री महाविष्णुस्वरूप
श्री धन्वंतरि स्वरूप श्री श्री श्री औषधचक्र नारायणाय नमः॥

जनपद टिहरी के समस्त विभाग, कार्यालय, महत्वपूर्ण दूरभाष नम्बर के लिए
Epostlive.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *