
विधानसभा में बैकडोर भर्तियों के मामले सोशल मीडिया पर लिस्ट वॉर छिड़ गया है। एक के बाद एक लिस्ट विभिन्न माध्यमों से निकलकर बाहर आ रही है। इसमें विधानसभा में भर्ती लोगों के नाम के आगे इस बात का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया है कि उनका किस नेता से क्या संबंध है। बता दें कि पहले एक सूची वायरल हुई थी, जो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यकाल से जुड़ी थी। इस सूची में एक-एक नाम के आगे भाजपा नेताओं से उनके संबंधों के बारे में बताया गया था। इसी तरह शनिवार को वर्ष 2016 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के समय में भर्ती लोगों की एक और सूची सोशल मीडिया में वायरल हुई है। इस सूची में बाकायदा तीन कॉलम में भर्ती हुए व्यक्ति का नाम, पद और उनका तमाम नेताओं से रिश्ता दर्शाया गया है।सूची के अनुसार अधिकतर नामों के आगे पूर्व स्पीकर कुंजवाल का या तो रिश्तेदार बताया गया है या फिर उनके क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। इस सूची में कई नामों को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य से भी जोड़ा गया है। इसके अलावा कई अन्य कांग्रेस नेताओं का नाम भी जोड़ा गया है। भर्ती होने वाले अधिकतर लोगों को रिश्तेदार, निजी स्टाफ और उनके क्षेत्र का होना बताया गया है।