
उत्तराखंड
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए फूलों की घाटी में आवाजाही तीन दिनों के लिए बंद कर दी गई है। वहीं रुद्रनाथ यात्रा को भी दो दिनों के लिए रोक दिया गया है। दोनों पर्यटक और धार्मिक स्थल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं। डीएफओ ने बृहस्पतिवार सुबह यह आदेश जारी किया। बृहस्पतिवार को फूलों की घाटी जाने के लिए यहां करीब 50 पर्यटक टिकट लेने गए थे लेकिन उन्हें वापस भेज दिया गया। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि घाटी को तीन दिनों (बृहस्पतिवार से शनिवार) तक पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।उधर, रुद्रनाथ यात्रा पर भी शुक्रवार और शनिवार के लिए रोक लगाई गई है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उपवन संरक्षक इंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। शनिवार तक दोनों जगह पर आवाजाही बंद रहेगी। उसके बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा |