राष्ट्रीय युवा दिवस पर CM धामी ने की घोषणा, उत्तराखंड में बनेगा स्वामी विवेकानंद काॅरिडोर, युवाओं को किया सम्मानित

उत्तराखण्ड

राष्ट्रीय युवा दिवस पर CM धामी ने की घोषणा, उत्तराखंड में बनेगा स्वामी विवेकानंद काॅरिडोर, युवाओं को किया सम्मानित

स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के तहत युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित उन युवाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज सेवा, खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया। कार्यक्रम में मंगल दल से जुड़े सक्रिय युवक-युवतियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता, आपदा राहत और युवा सशक्तिकरण जैसे कार्यों में सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम में मुख्य मेहमान के तौर पर CM पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विवेकानंद कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही उत्तराखंड में लटके काॅन्स्टेबल भर्ती के रिजल्ट के जल्द जारी होने की बात कही।

उत्तराखंड में बनेगा स्वामी विवेकानंद काॅरिडोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड की पावन भूमि पर तपस्या कर ज्ञान प्राप्त किया था और उन्हीं स्थलों को चिह्नित कर राज्य में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, आधुनिक भारत के युग दृष्टा स्वामी विवेकानंद ने संपूर्ण विश्व को भारत की सनातन संस्कृति, अध्यात्म और दर्शन से परिचित कराते हुए देश का सम्मान बढ़ाया।

वह ऐसे ऋषि थे, जिन्होंने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े हुए राष्ट्र के भीतर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः प्रज्वलित किया। उनके शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन ने पश्चिमी जगत को न केवल भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया बल्कि संपूर्ण विश्व को यह संदेश भी दिया कि सनातन संस्कृति के ज्ञान, विवेक और मूल्यों में ही समस्त मानवता का कल्याण निहित है। उनका युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, कोई भी राष्ट्र आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक रूप से तब तक विकसित नहीं हो सकता जब तक उसकी युवाशक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित न हो। युवा शक्ति हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की क्षमता रखती है। इस मौके पर खेल व युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा, स्वामी विवेकानंद ने विश्व में सनातन मूल्यों और भारतीय संस्कृति की सर्वोच्चता स्थापित की। इस अवसर पर विधायक खजानदास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान आदि मौजूद रहे।

Epostlive.com