चुनाव चर्चा- विक्रम बिष्ट: उत्तराखंड में भी प्रियंका फार्मूला!


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं को चालीस फीसदी टिकट देने के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के एलान के बाद उत्तराखण्ड में भी यह मुद्दा गर्माने लगा है। कांग्रेस ने तो यहां तक कह दिया है कि मुख्यमंत्री भी महिला होनी चाहिए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हाल में ही कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं को चालीस फीसदी टिकट दिए जाएंगे। जाहिर है कि प्रियंका की घोषणा कांग्रेस के लिए ब्रह्मवाक्य है, साथ ही उनकी छवि राहुल गांधी की अपेक्षा गंभीर राजनेता की है। इसलिए उनकी घोषणा पर अमल होने की पूरी संभावना है।
नयें साल में यूपी उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। इसलिए स्वाभाविक है कि इन राज्यों में भी कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को इस फार्मूले के विस्तार की संभावनाएं दिखने लगी हैं। यूं भी कांग्रेस के पास पंजाब के अलावा ज्यादा कुछ खोने के लिए नहीं है। महिलाओं को आगे कर राजनीति की नई इबारत लिखने की कोशिश की जा सकती है।
शनिवार शाम हिमालय दर्पण पर इस मुद्दे पर हुई चर्चा में कांग्रेस की प्रवक्ता ने बेबाकी से कहा कि टिकट ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री भी महिला होनी चाहिए।
चर्चा में यह बात भी सामने आई कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की बेटी ने भी उत्तराखण्ड में उत्तर प्रदेश की तरह महिलाओं को उम्मीदवार बनाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पहले ही प्रियंका गांधी को यह सुझाव दे चुके हैं।

Epostlive.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *