आज का इतिहास: एप्पल ने बाजार में उतारा आईपॉड, 20 साल पहले ऐपल को नई दिशा देने वाला आईपॉड लान्च हुआ

इतिहास

ऐपल ने आज से 20 साल पहले 23 अक्टूबर 2001 को अपना पहला आईपॉड लॉन्च किया था। मोबाइल मार्केट में यहीं से ऐपल के सफर शुरू हुआ और आज ऐपल दुनिया की दिग्गज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी है। बात 1997 की है। स्टीव जॉब्स ऐपल में CEO के तौर पर लौटे ही थे। डेस्कटॉप मार्केट पर माइक्रोसॉफ्ट का कब्जा था। ऐपल के पास कोई भी लोकप्रिय प्रोडक्ट नहीं था और वह दिवालिया होने के कगार पर था। ऐसे में उम्मीद सिर्फ नए डिवाइस से ही थी। 1990 के दशक में हैंडहेल्ड MP3 प्लेयर्स मार्केट में आ गए थे।
स्टीव जॉब्स को लगता था कि यह इस्तेमाल में आसान नहीं है। ऐपल को पोर्टेबल MP3 प्लेयर बनाना चाहिए। जॉब्स का मानना था कि ऐपल के पोर्टेबल MP3 प्लेयर का आईट्यून्स से लिंक हो, ताकि वह मैक कंप्यूटर का इस्तेमाल कर रहे लोगों को आकर्षित करें। शुरुआती डिजाइन में सिर्फ दो पॉइंट्स रखे थे। 1.8 इंच की जगह में 5GB हार्ड ड्राइव का इस्तेमाल करना था, जो तोशीबा बनाती थी।

सारे इंजीनियर मैक को अपग्रेड करने में लगे थे। तब डिजाइन कंसल्टेंट के तौर पर फिलिप्स के टोनी फैडल को लाया गया। छह हफ्ते में तीन प्रोडक्ट मॉडल डिजाइन हुए। जॉब्स को पसंद भी आए। उन्होंने फैडल को पोर्टेबल म्यूजिक डिवाइस टीम का इंचार्ज बना दिया। वे चाहते थे कि 2001 की क्रिसमस शॉपिंग लिस्ट में यह डिवाइस शामिल रहे। समय कम था इसलिए ज्यादातर कम्पोनेंट बाहर से खरीदे।

नाम रखने के लिए फ्रीलांस राइटर विनी शिको को हायर किया गया। उन्होंने ही इसे आईपॉड नाम दिया, जो स्टारट्रैक से इंस्पायर्ड था। 23 अक्टूबर 2001 को यह प्रोडक्ट औपचारिक रूप से लॉन्च हुआ और नवंबर 2001 में पहले आईपॉड की डिलीवरी हुई। छह साल में ही 10 करोड़ से ज्यादा आईपॉड बिक चुके थे। इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास है। आईपैड्स, आईवॉच और आईफोन ने अपने-अपने सेग्मेंट्स में धाक जमाई है।

कंप्यूटर, मोबाइल, आईपॉड सहित ढेरों उत्पाद तैयार करने वाली एप्पल के उत्पाद गुणवत्ता में बाकी सबसे बेहतर माने जाते हैं। एप्पल ने ही 2001 में 23 अक्टूबर के दिन आईपॉड को बाजार में पेश किया। छोटे से आईपॉड ने हजारों गीतों को श्रोताओं की जेब तक पहुंचाने का काम किया और इसे उस समय दुनिया का सबसे सफल तथा क्रांतिकारी उत्पाद माना गया।

फुटबॉल के जादूगर पेले का जन्म

आज महान फुटबॉलर ब्राजील के एडसन अरांटीस डो नैसीमेंटो यानी पेले का जन्मदिन है। 23 अक्टूबर 1940 को ब्राजील में जन्मे पेले अपने माता-पिता की पहली संतान थे।

पेले के नाम को लेकर भी रोचक कहानी है। दरअसल पेले का नाम डीको था, लेकिन इनके पसंदीदा फुटबॉलर “वास्को डा गामा बिले’” के नाम से इनके दोस्तों ने गलत उच्चारण करते हुए इन्हें “पेले” कहना शुरू कर दिया। तभी से डीको का नाम पेले हो गया।

पेले ने शुरुआत में अपने पिता से फुटबॉल खेलना सीखा। अपनी प्रतिभा की वजह से जल्द ही पेले फुटबॉल क्लब का हिस्सा हो गए और 1957 तक ब्राजील की नेशनल फुटबॉल टीम का हिस्सा बन गए।

23 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1764 : बक्सर की लड़ाई में मीर कासिम की हार।

1850 : महिलाओं के अधिकारों को लेकर अमेरिका में पहली बार राष्ट्रीय महिला अधिकार सम्मेलन शुरू हुआ।

1940 : फुटबाल के जादूगर कहे जाने वाले पेले का जन्म। कहने को तो पेले का नाम दुनिया का बच्चा-बच्चा जानता है, लेकिन यह बहुत कम लोगों को मालूम है कि उनका पूरा नाम एडसन अरांतस डो नासिमेंतो है। ब्राजील का यह बेहतरीन खिलाड़ी अपने देश के लिए तीन बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा।

1943 : नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज की रानी झांसी ब्रिगेड ने सिंगापुर में प्रशिक्षण शुरू किया।

1956 : बुडापेस्ट में व्यापक प्रदर्शन के साथ हंगरी की क्रांति का सूत्रपात। सोवियत शासन के खात्मे की मांग को लेकर हंगरी के लाखों लोग सड़कों पर उतर आए।

1956 : विश्व शांति के लिए परमाणु ऊर्जा का योगदान बढ़ाने के उद्देश्य से अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी।

1983 : आत्मघाती हमलावरों ने बेरूत में अमेरिका और फ्रांस की सेना की बैरकों पर विस्फोट से भरा ट्रक चढ़ा दिया, जिससे अमेरिका के 241 और फ्रांस के 56 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।

2001 : एप्पल ने आईपॉड बाजार में पेश किया। नयी शताब्दी के शुरुआती वर्षों में इस उत्पाद ने संगीत के क्षेत्र में क्रांति लाने का काम किया।

2002 : मॉस्को में चेचेन बागियों ने एक सांस्कृतिक केन्द्र पर हमला किया और थिएटर देखने आए तकरीबन 700 लोगों को बंधक बना लिया।

2004: जापान में भूकंप से 85 हजार लोग बेघर ।

2011: तुर्की में भीषण भूकंप से करीब 582 लोगों की मौत।

2020 : ब्रेक्जिट के बाद एक बड़े कदम के तहत जापान और ब्रिटेन ने एक द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए।

Epostlive.com