इतिहास
30 मई का इतिहास: आज के दिन ही प्रथम हिन्दी साप्ताहिक पत्र उदन्त मार्तण्ड का हुआ था प्रकाशन, जानिए ….
1826 में आज ही के दिन हिन्दी भाषा का पहला समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ कलकत्ता से एक साप्ताहिक पत्र के रूप में शुरू हुआ था। 8 पेज का ये अखबार हर मंगलवार को निकलता था। कानपुर में जन्मे और पेशे से वकील पंडित जुगल किशोर शुक्ल इसके संपादक थे। उदन्त मार्तण्ड ईस्ट इंडिया कंपनी की दमनकारी नीतियों के खिलाफ मुखर होकर लिखता था।
इस वजह से अखबार कंपनी सरकार की आंखों में खटकने लगा और सरकार ने अखबार के प्रकाशन में कानूनी अड़ंगे लगाना शुरू कर दिए। कंपनी सरकार ने मिशनरियों के पत्र को तो डाक वगैरह की सुविधा दे रखी थी, लेकिन उदन्त मार्तण्ड को यह सुविधा नहीं मिली।
आखिरकार, आर्थिक परेशानियों और कानूनी अड़ंगों के बाद 19 दिसंबर 1827 को केवल 19 महीनों के बाद ही अखबार को बंद करना पड़ा। वैसे, भारत में समाचार पत्रों की शुरुआत 29 जनवरी 1780 के दिन हुई थी। तब एक अंग्रेज जेम्स आगस्टस हिकी ने अंग्रेजी में ‘कलकत्ता जनरल एडवर्टाइजर’ नामक पहला समाचार पत्र शुरू किया था। ये भारत के साथ ही एशियाई उपमहाद्वीप का किसी भी भाषा का पहला समाचार पत्र था।
इसके बाद धीरे-धीरे भारत में समाचार पत्रों के प्रकाशन का सिलसिला शुरू हुआ। बांग्ला, फारसी और उर्दू भाषा में भी समाचार पत्र प्रकाशित होने लगे।
देश-दुनिया के इतिहास में 30 मई की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:
1826 : प्रथम हिंदी साप्ताहिक पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन।
1981 : बांग्लादेश के राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान और उनके आठ सहयोगियों की हत्या, देश में आपातकाल लागू।
1987 : गोवा को राज्य का दर्जा मिला। गोवा भारत का 26 वां राज्य बना।
1998 : पाकिस्तान ने छठा परमाणु परीक्षण किया।
1998 : अफगानिस्तान में भूकंप से 5000 लोगों के मरने की आशंका।
2003 : नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री लोकेन्द्र बहादुर चंद ने इस्तीफा दिया।
2004 : सऊदी अरब में बंधक संकट समाप्त, लेकिन दो भारतीयों सहित 22 की हत्या।
2007 : अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस पर 107 शांति रक्षक पुरस्कृत।
2012 : विश्वनाथन आनंद पांचवीं बार विश्व शतरंज चैंपियन बने।
2012 : लाइबेरिया के पूर्व राष्ट्रपति चार्ल्स टेलर को सियरा लिओन के गृह युद्ध में किए गए अपराधों और मानवता के खिलाफ किए गए अपराधों के लिए दोषी ठहराते हुए 50 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई।
2020 : सरकार ने दो महीने से अधिक समय से लागू कोविड-19 लॉकडाउन को एक जून से चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया।
2023: चीन ने नए मानवयुक्त अंतरिक्ष यान का किया सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया।
2024: पाकिस्तान की अदालत ने नौ मई, 2023 के दंगों से जुड़े दो मामलों में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बरी किया।