देहरादून: तिब्बती मार्केट में गैस ऑपरेटर की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
देहरादून के तिब्बती मार्केट में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की सीने पर सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे और वसंत विहार थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के रहते थे। उनके पिता शहीद थे। उनकी माता को गैस एजेंसी आवंटित हुई थी।
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, डालनवाला कोतवाली इलाके में स्थित तिब्बती मार्केट में 40 साल के अर्जुन शर्मा को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी. गोली मारने के बाद वो लोग फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां लोगों ने अर्जुन शर्मा को तड़पता देखा. उसके शरीर से खून बह रहा था. इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल ले जाने तक घायल शख्स का काफी खून बह चुका था. जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक को गोली मारने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे. गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी है. सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, स्कूटी सवार दो हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
