टिहरी
नई टिहरी जिला न्यायालय में बम की सूचना, पुलिस और LIU की टीम ने खंगाला पूरा कोर्ट
नई टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। वहीं उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद आज कलक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने परिसर को खाली करवाकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्कवाड निरीक्षण में जुटा रहा .
पुलिस और एलआईयू की टीम न्यायालय पहुंची और हर कोना खंगाला। प्राथमिक जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिससे पुलिस और कोर्ट न्यायविदों के साथ ही वकीलों ने राहत की सांस ली है। अभी भी पुलिस जांच में जुटी हुई है।नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि कोर्ट में बम रखने की मेल आई थी। जिस पूरे कोर्ट परिसर को देखा गया। कही कुछ नहीं मिला है।
कल भी मिली थी धमकी:
बता दें कि सोमवार को नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था. ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी. धमकी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मचा रहा. आधे दिन न्यायिक कार्य बाधित होने के साथ ही भारी पुलिस बल परिसर की निरीक्षण और जांच में जुटा रहा. वहीं पुलिस की ओर से अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया.
इसी तरह की धमकी उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी प्राप्त हुई। मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाया गया है। सूचना मिलते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कमलेश उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और कोर्ट रोड पर यातायात रोक दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम को भी एहतियातन तैनात किया गया।
देहरादून से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया, जिसने देर शाम तक कोर्ट परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने भी मौके पर पहुंचकर तकनीकी और भौतिक जांच की।एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के आधार पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह ई-मेल किस स्रोत से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से आईपी एड्रेस और मेल सर्वर की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
