राज्य स्तरीय ओपन महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 मार्च तक

सू.वि.टिहरी

“चतुर्थ टिहरी कप: राज्य स्तरीय ओपन महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 मार्च तक”

टिहरी गढ़वाल जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चतुर्थ टिहरी कप उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय ओपन महिला (07 A साइड) फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता दिनांक 07 मार्च से 09 मार्च, 2026 तक आयोजित होगी।

यह आयोजन खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड के सौजन्य, जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं जिला फुटबाल संघ टिहरी गढ़वाल के समन्वय से, जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर द्वारा पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) नरेंद्रनगर के खेल मैदान में संपन्न कराया जाएगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की महिला फुटबॉल टीमों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, मुनस्यारी (पिथौरागढ़), ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल), हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी तथा उत्तरकाशी फुटबॉल हॉस्टल टीम।

बताया गया कि प्रतियोगिता नॉक आउट पद्धति के आधार पर खेली जाएगी। प्रत्येक टीम में 09 खिलाड़ी एवं 01 कोच/मैनेजर सहित कुल 10 सदस्य होंगे। सभी टीमों को अपना स्पोर्ट्स किट एवं निर्धारित रंग की जर्सी लाना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए उत्तराखण्ड का निवासी या माता/पिता के उत्तराखण्ड में कार्यरत होने का प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रारूप में सूचना, आधार कार्ड, फोटो, स्थायी निवास प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है। यदि किसी टीम में उत्तराखण्ड के बाहर का खिलाड़ी पाया जाता है तो आयोजन समिति संबंधित टीम को अयोग्य घोषित कर देगी।

यात्रा, आवास एवं अन्य सुविधाएं प्रतिभागी टीमों के लिए
टीम मैनेजर एवं निर्णायकों को आने-जाने का किराया (साधारण बस/स्लीपर श्रेणी रेल),
यात्रा भत्ता, भोजन भत्ता एवं अन्य व्यय का भुगतान
कोषागार के माध्यम से ई-पेमेंट द्वारा सीधे बैंक खाते में किया जाएगा।
प्रतियोगिता अवधि में भोजन एवं आवास की व्यवस्था जिला खेल कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों तथा टीम मैनेजरों को खेल विभाग टिहरी गढ़वाल द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

यह प्रतियोगिता प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं राज्य स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।