टिहरी एवं कोटेश्वर बांध क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने हेतु मॉक एक्सरसाइज का आयोजन

टिहरी

टिहरी एवं कोटेश्वर बांध क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने हेतु मॉक एक्सरसाइज का आयोजन

देश की महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं टिहरी बांध एवं कोटेश्वर बांध क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने, संभावित आपदा परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिनांक 11 मार्च, 2026 को आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। यह मॉकड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत सरकार, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है।
मॉकड्रिल के अंतर्गत संभावित आपदा की परिकल्पित परिस्थितियों के आधार पर विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों की भूमिका, उनकी कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की जाएगी। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में संबंधित सभी एजेंसियां तत्परता, समन्वय एवं दक्षता के साथ प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।

इस महत्वपूर्ण अभ्यास में राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, आपदा प्रबंधन से संबंधित एजेंसियां, सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे। आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न संस्थानों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का व्यापक आकलन किया जाएगा।

इसी क्रम में आज दिनांक 10 मार्च 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज (Table Top Exercise – TTEX) आयोजित की गई, जिसमे सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों एवं बचाव संसाधनों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गयी। प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित कर्मचारियों तथा स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन, बचाव तकनीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपकरणों, उपायों के प्रति जागरूक भी किया गया।

इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक टिहरी कॉम्प्लेक्स एम०के०सिंह, उप जिलाधिकारी टिहरी स्नेहिल कुंवर सिंह, NDMA के समन्वयक सेवानिवृत्त मेजर जनरल ए०के०वर्मा, चीफ इंजीनियर सी०ई०ए० इरफान अहमद, अपर महाप्रबंधक ओ एम एस ए०के०सिंह, अपर महाप्रबंधक विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक बी०डी०सेमवाल, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन मोहन सिंह श्रीसवाल, प्रबंधक जन सम्पर्क मनवीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल आदि उपस्थित रहे।

यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सामूहिक तैयारी, बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा प्रभावी राहत एवं बचाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा, जिससे भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।