घनसाली
गैस और तेल की किल्लत की अफवाहों के बीच घनसाली में औचक निरीक्षण, अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
क्षेत्र में गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने गुरुवार को विभिन्न गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। आज दिनांक 12 मार्च 2026 को घनसाली खाद्य आपूर्ति अधिकारी अमित भंडारी और इंद्रेश नौटियाल ने क्षेत्र में आपूर्ति व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इंडियन गैस सर्विस घनसाली, शुभम फीलिंग स्टेशन, दीपक फीलिंग स्टेशन और राधाकृष्ण फीलिंग स्टेशन पहुंचकर गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा रिकॉर्ड का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने माप-तौल उपकरणों और स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की और संचालकों से उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
खाद्य आपूर्ति अधिकारी अमित भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में गैस और तेल की कमी को लेकर कुछ अफवाहें फैल रही थीं, जिन्हें देखते हुए विभाग द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर गैस और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक पाया गया तथा आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती मिली।
अधिकारियों ने एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस और ईंधन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि किसी प्रकार की शिकायत हो तो संबंधित विभाग को अवगत कराएं।
इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र में फैली अफवाहों पर विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है और उपभोक्ताओं को भी यह भरोसा मिला है कि क्षेत्र में गैस और ईंधन की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।
