सू.वि.टिहरी
किसान दिवस का हुआ सफल आयोजन
जिलाधिकारी टिहरी गढवाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षा में विकास खण्ड थौलधार के मुख्यालय कण्डीसौड सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया ।
किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की विभिन्न समस्याओं/मुद्दों के समाधान करना और उन्हें तकनीकी एवं वैज्ञानिक रूप से सक्षम व जागरूक बनाने के साथ ही उनकी आय को दोगुना करने जैसे कार्य शामिल है ।
किसान दिवस पर अधिकांश मुद्दे कृषि को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को लेकर रहे। जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी ने बताया कि विभाग की ओर से जिला योजना के माध्यम से ग्राम पंचायत में जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए तारबाड़ लगाने के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बैठक में यह भी बताया कि तारबाड़ के लिए जाल और एंगल लगाने सहित सीसी कार्य में अधिक धनराशि खर्च हो रही है। जिससे उपलब्ध धनराशि से कम क्षेत्रफल में ही तारबाड़ कार्य हो पा रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने यह सुझाव दिया कि कृषि सुरक्षा के लिए तार और एंगल विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं, जबकि ग्राम पंचायतें और क्षेत्र पंचायत के माध्यम से सीसी का कार्य किसी भी योजना के अंतर्गत कराया जाए। इससे विभाग पर भी कम खर्च बनेगा और जंगली जानवरों से रोकथाम को लेकर अधिक क्षेत्रफल में खेतों की तारबाड़ हो सकेगी। जिससे एक बड़े आबादी को उसका लाभ मिलेगा। उन्होंने इसको लेकर ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों से भी सुझाव मांगे हैं और विचार-विमर्श कर विभाग को पत्राचार करने का कहा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रमोलसारी के प्रधान कमल सिंह चौहान ने बताया कि उनके गांव में अधिकांश सिंचित भूमि है, जहां गेहूं, धान, राजमा हल्दी, दलहन, नींबू, मौसमी आदि का बड़ी मात्रा में उत्पादन किया जाता है, लेकिन जंगली जानवरों के कारण खेती को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने इसको लेकर तारबाड़ कराए जाने की मांग की। बैलगांव के पूर्व प्रधान पवन सिंह ने बताया कि उनके गांव में भी खरीफ की फसलों में ज्यादातर दलहन बोया जाता है। लेकिन जानकारी के अभाव में अधिकांश ग्रामीणों की खेती रोगों का शिकार हो जाती है। उन्होंने विभाग की ओर से समय पर दवा उपलब्ध कराने और पौधों में रोगों के उपचार के लिए ग्रामीणों को प्रशिक्षण दिए जाने की मांग की। इसके अलावा कार्यक्रम में पहुंचे किसानों ने जंगली सूअर और बंदरों से बचाव के लिए वन विभाग के माध्यम से ग्रामीणों की फसलों की रक्षा किए जाने की मांग भी की। कार्यक्रम में कृषि विभाग के वैज्ञानिकों की ओर से फसल को रोगों से बचाने संबंधित विस्तृत जानकारी भी किसानों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों के हित के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है जिसके तहत जनपद के सभी विकास खंडों पर किसान दिवस का आयोजन किया जा रहा है ।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनीता राणा, कनिष्ठ प्रमुख सबिता बनाली, मुलायम सिंह रावत, पूर्व ब्लाक प्रमुख जोत सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी, सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी / कर्मचारी उपस्थित रहे ।
