देहरादून
होटल व्यवसाय संकट में,नहीं मिल रहे व्यावसायिक सिलिंडर,अब इंडक्शन चूल्हे की तैयारी
अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब स्थानीय बाजार और कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। इसका सीधा असर देहरादून में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ रहा है। व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने से होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संचालन का संकट खड़ा हो गया है। मौजूदा स्थिति यह है कि कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के पास जो व्यावसायिक गैस सिलिंडर का स्टॉक था, वह तेजी से खत्म होता जा रहा है। नए सिलिंडर नहीं मिलने के कारण व्यवसायियों की चिंता बढ़ गई है। यदि जल्द ही आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो रसोई संचालन पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। प्राथमिकता घरेलू गैस उपभोक्ताओं को दी जा रही है, लेकिन इसका असर अब घरेलू गैस की उपलब्धता पर भी पड़ने लगा है। गैस संकट को देखते हुए कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। कुछ संचालकों ने इंडक्शन चूल्हे मंगवा लिए हैं, जबकि कई अन्य व्यवसायी भी जल्द ही इंडक्शन आधारित कुकिंग सिस्टम अपनाने की तैयारी में हैं। उनका मानना है कि यदि गैस आपूर्ति लंबे समय तक प्रभावित रहती है तो इंडक्शन ही फिलहाल सबसे सुरक्षित विकल्प साबित हो सकता है। हालांकि इंडक्शन पर बड़े स्तर पर खाना बनाना आसान नहीं होता। इसके लिए अतिरिक्त बिजली लोड, नए उपकरण और अलग व्यवस्था की जरूरत होती है, जिससे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ सकता है। बावजूद इसके होटल संचालक इसे मजबूरी में अपनाने की तैयारी कर रहे हैं ताकि ग्राहकों को सेवा देने में कोई बाधा न आए। दून होटल ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति फिलहाल नहीं हो रही है और जो स्टॉक बचा है वह भी तेजी से कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में होटल और रेस्टोरेंट संचालन में गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है। ऐसे में अब कई संचालक इंडक्शन चूल्हों का सहारा लेने की तैयारी कर रहे हैं। व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि होटल और रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित न हो और शहर की खाद्य सेवा व्यवस्था सामान्य बनी रहे।