एक्शन मोड में धामी सरकार,अपराधियों के खिलाफ चलेगा ऑपरेशन प्रहार

देहरादून

एक्शन मोड में धामी सरकार,अपराधियों के खिलाफ चलेगा ऑपरेशन प्रहार

देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर सरकार अब सख्त एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की रूपरेखा तय की गई।

बैठक में सीएम ने आला अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पहले उनके निर्देश पर देहरादून में बीते रोज हुई पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

सीएम ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्ती बरतने को के निर्देश दिए। कहा, किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। रोड रेज, फायरिंग व देर रात की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाएं। डीजीपी ने पुलिस अफसरों को निर्देशों पर तत्काल पूर्ण अमल करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को पूरी सख्ती व मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कहा, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। देहरादून में गोली लगने से ब्रिगेडियर की मौत के बाद अधिकारियों के निलंबन को इसी सख्ती का उदाहरण बताते हुए कहा कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

DGP ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की कार्यशैली के आधार पर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और अपराधियों में पुलिस का खौफ होना अत्यंत आवश्यक है।