टिहरी मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर टिहरी के विधायक जनता को कर रहे भ्रमित :- राकेश राणा

टिहरी

टिहरी मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर टिहरी के विधायक जनता को भ्रमित कर रहे हैं:- राकेश राणा

टिहरी मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय द्वारा जनता के बीच लगातार भ्रम और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज और 500 बेड अस्पताल के निर्माण को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं। यदि वास्तव में भूमि चयन, डीपीआर और धन की व्यवस्था पूरी हो चुकी है, तो अब तक निर्माण कार्य धरातल पर क्यों शुरू नहीं हुआ — यह सबसे बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर टिहरी मेडिकल कॉलेज के मुद्दे को लटकाए रख रही है, ताकि आगामी चुनावों में इसे एक राजनीतिक मुद्दे के रूप में भुनाया जा सके। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता की मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े इतने महत्वपूर्ण विषय को भी राजनीति का साधन बनाया जा रहा है।
राकेश राणा ने आरोप लगाया कि सरकार और विधायक जनता को गुमराह कर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। टिहरी की जनता वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं और कागजी कार्यवाही तक सीमित है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के साथ खड़ी है और यदि शीघ्र मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को शुरू नहीं किया गया, तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
कहा कि टिहरी की जनता अब झूठे वादों और भ्रम में आने वाली नहीं है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी।