टिहरी
टनल सुरक्षा का हाई-एलर्ट रिहर्सल: चम्बा टनल में टिहरी पुलिस सहित बहु-विभागीय टीमों ने परखा आपदा से निपटने का दम
टिहरी : राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चम्बा टनल पर संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु एक व्यापक मॉक ड्रिल (आपदा अभ्यास) का आयोजन किया गया। इस संयुक्त मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस विभाग एवं बीआरओ (Border Roads Organisation) की टीमों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान बीआरओ के इंजीनियरों द्वारा चम्बा टनल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण भी किया गया, जिसमें टनल की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं संभावित जोखिमों का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की रणनीतियों को और सुदृढ़ किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से दुर्घटना, आगजनी या किसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को सफलतापूर्वक संचालित करने की तैयारियों का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय नागरिक तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अभ्यास का अवलोकन किया। पुलिस द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से जनसुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति निरंतर सजगता एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जा रही है।
