कुंजापुरी मेले में महिला वॉलीबॉल के फाइनल में राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल

टिहरी

कुंजापुरी मेले में महिला वॉलीबॉल के फाइनल में राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल

नरेंद्रनगर – ऐतिहासिक 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के तहत मुख्य बाजार स्थित खेल मैदान में आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। देशभर की 11 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद अब बुधवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। महिला वर्ग की विजेता टीम को 1.01 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस ने देहरादून क्लब को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मनी क्लब करनाल ने दिल्ली क्लब को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित किया।
महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के साथ ही पुरुष वर्ग के मुकाबलों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इस बार पुरुष वर्ग में 22 टीमों ने प्रतिभाग के लिए पंजीकरण कराया है। महिला वॉलीबॉल फाइनल के बाद पुरुष वॉलीबॉल के साथ ओपन कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में मुख्य आयोजक दिनेश उनियाल, यशपाल राणा, राजपाल पुंडीर, धूम सिंह नेगी, नरपाल भंडारी, सूर्य प्रकाश जोशी, महेश गोसाईं, महेश पालीवाल और रमेश असवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेले में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।