जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी गांवों में तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश

टिहरी सू.वि.

जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी गांवों में तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (ईओ) उपस्थित रहे। बैठक में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित होने वाली भवन गणना एवं सूचीकरण (एचएलबी) कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में कुल 2184 एचएलबी निर्धारित हैं, जिनमें से 824 में कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा 204 एचएलबी का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 156 गांवों के एचएलबी में अब तक कार्य प्रारंभ नहीं होने पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कल तक सभी गांवों में कार्य प्रारंभ सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूर्ण कर फ्रीज़ करने से पूर्व प्रत्येक प्रविष्टि का भलीभांति परीक्षण किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों को भी निर्देश दिए कि वे फ्रीज़ करने से पहले समस्त विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य में ढिलाई बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने एवं कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।