जिलाधिकारी ने भवन गणना एवं सूचीकरण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

टिहरी सू.वि.

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्यों की समीक्षा की

भवन गणना एवं सूचीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में 25 अप्रैल से 24 मई, 2026 तक संचालित होने वाले भवन गणना एवं सूचीकरण (एचएलबी) कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सभी अधिशासी अधिकारियों एवं तहसीलदारों से क्रमवार उनके क्षेत्रों में संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर अपने आवंटित कार्यों का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। जिन कार्मिकों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल प्रशिक्षण हेतु भेजा जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूर्ण कर डाटा फ्रीज़ करने से पूर्व प्रत्येक प्रविष्टि का भलीभांति परीक्षण किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों को भी निर्देशित किया कि वे समस्त विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, तहसीलदार धीरज सहित सभी चार्ज अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।