खिलाड़ियों के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु चयन ट्रायल्स का आयोजन 19 मई को बौराड़ी स्टेडियम में किया जायेगा

टिहरी सू०वि०

खिलाड़ियों के लिए कक्षा-6 में प्रवेश हेतु चयन ट्रायल्स का आयोजन 19 मई को बौराड़ी स्टेडियम में किया जायेगा

जनपद टिहरी गढ़वाल के खिलाड़ियों के लिए कक्षा-06 में प्रवेश हेतु खेल छात्रावासों के चयन ट्रायल्स आगामी 19 मई, 2026 को प्रातः 9:00 बजे से घण्टाघर बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी के खेल मैदान में आयोजित किए जाएंगे। यह चयन ट्रायल्स महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज एवं बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी टिहरी गढ़वाल दीपक रावत ने बताया कि चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रवेश सम्बन्धी समस्त आवश्यक प्रमाण पत्र अपने साथ लाना अनिवार्य होगा। कक्षा-06 में प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों को कक्षा-5 की अंक तालिका अथवा अध्ययनरत प्रमाण-पत्र, उत्तराखण्ड का मूल/स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट आकार की दो नवीनतम फोटो साथ लानी होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रवेश के समय बालक/बालिका की जन्मतिथि 01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के मध्य होनी आवश्यक है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में क्रिकेट, जिम्नास्टिक, तैराकी, एथलेटिक्स, हॉकी, निशानेबाजी, फुटबॉल, बॉक्सिंग, आइस खेल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं जुडो (केवल बालक वर्ग) खेलों के लिए प्रवेश दिया जाएगा। वहीं हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में फुटबॉल, एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग (केवल बालक वर्ग) तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट, चम्पावत में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग एवं बैडमिंटन (केवल बालिका वर्ग) के लिए चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के अंतर्गत खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें 60 मीटर दौड़, स्टैंडिंग ब्रॉड जम्प, 60×10 शटल रन, फारवर्ड बेंड रीच, 400 ग्राम बॉल थ्रो एवं 800 मीटर दौड़ शामिल रहेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का भत्ता अथवा आने-जाने का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।