टिहरी
नई टिहरी के समीप ग्राम पैन्यूला ने लिया नशा मुक्त गांव का संकल्प
“शराब नहीं संस्कार” मुहिम को मिला जनसमर्थन
विकास खंड चम्बा अंतर्गत नई टिहरी के समीप स्थित ग्राम पंचायत पैन्यूला में शुक्रवार को “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के तहत एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा गांव को नशा मुक्त एवं संस्कारयुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान ग्राम पंचायत द्वारा कई महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए तथा ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कुसुम कठैत ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पैन्यूला सामाजिक सुधार एवं जनजागरूकता की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शराब एवं नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। गांव में बढ़ती सामाजिक समस्याओं को देखते हुए पंचायत ने सामूहिक निर्णय लेकर इस मुहिम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से प्रस्तावों का पालन करते हुए गांव को आदर्श एवं नशा मुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की।
समाज सुधार समिति के राजकुमार कठैत ने कहा कि नशा समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं पारिवारिक ढांचे को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि यदि गांव का युवा वर्ग सही दिशा में आगे बढ़ेगा तो समाज स्वतः मजबूत होगा। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सामाजिक जागरूकता के बिना किसी भी मुहिम को सफल नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को बचाने के लिए नशे के विरुद्ध जनजागरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा वर्ग शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि जब गांव स्वयं निर्णय लेकर सामाजिक सुधार के लिए आगे आते हैं तो परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देता है। उन्होंने ग्राम पंचायत पैन्यूला द्वारा लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए इसे अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। प्रस्तावों के अनुसार ग्राम पैन्यूला में शादी समारोह एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में शराब पर पूर्ण रोक लगाने का निर्णय लिया गया। गांव में बाहरी व्यक्तियों द्वारा शराब सेवन एवं बिक्री पर निगरानी रखने, सामाजिक वातावरण खराब करने वालों पर सामुदायिक कार्रवाई करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सामाजिक दंड एवं आर्थिक जुर्माने का प्रावधान भी तय किया गया। ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि गांव में सामाजिक सौहार्द एवं पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से ग्राम समाज सुधार समिति का गठन किया गया। समिति में राजेन्द्र सिंह कठैत को अध्यक्ष, सुनीता चौहान को उपाध्यक्ष, विक्रम सिंह कठैत को सचिव तथा मदन सिंह कठैत को कोषाध्यक्ष चुना गया। समिति के सदस्य के रूप में विभिन्न वार्डों से प्रतिनिधियों को शामिल किया गया, जिनमें नीकिता कठैत, याचना कठैत, आजाद चौहान, प्रियंका चौहान, आजाद सिंह, रीना नेगी एवं पिंकी बेलवाल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों ने एक स्वर में गांव को नशा मुक्त बनाने तथा आने वाली पीढ़ी को संस्कारयुक्त वातावरण देने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, समाज सुधार समिति के सदस्य, महिला मंगल दल, युवा मंगल दल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
