देहरादून
उत्तराखंड में सरकार और संगठन को चुनावी मंत्र देंगे नवीन,सीएम धामी से की मुलाकात
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 मई तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों, युवाओं तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करेंगे। अपने प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे। संत समाज के साथ भी संवाद करेंगे.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन आज मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मुलाकात की। इसके बाद दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर स्वजन से भेंट करेंगे।
इसके बाद होटल वेलकम में वह दिनभर सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों व ब्लाक प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। शाम को ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ भेंट करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनके साथ उपस्थित रहेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को सांसदों, विधायकों एवं संगठन के पदाधिकारियों से अलग-अलग भेंट करेंगे। इस दौरान विधायकों के अब तक के प्रदर्शन का आकलन भी किया जाएगा। साथ ही सांसदों से भी फीडबैक लेने और आगामी विधानसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्रवार सक्रिय हाेने पर जोर दिया जा रहा है। नितिन नवीन यह मंत्र दे रहे हैं कि संगठन का काम जमीन पर दिखाई दे और विधायकों व सांसदों के साथ साझा कदमताल से जीत के लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए।
