टिहरी
उपनिदेशक डॉ. दीक्षा सचदेवा ने किया जनपद टिहरी की स्वास्थ्य सूचना एवं स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन
केंद्रीय स्वास्थ्य सूचना ब्यूरो (सीबीएचआई), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की उपनिदेशक डॉ. दीक्षा सचदेवा ने जनपद टिहरी गढ़वाल का भ्रमण कर स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली, स्वास्थ्य आंकड़ों की रिपोर्टिंग व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, टिहरी गढ़वाल में आयोजित समीक्षा बैठक में उपनिदेशक डॉ. दीक्षा सचदेवा ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय की उपस्थिति में जनपद की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक की। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंदन कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. बृजेश डोभाल तथा डॉ. मुकेश राय भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयुक्त विभिन्न रिपोर्टिंग प्रारूपों, स्वास्थ्य आंकड़ों के संकलन, ऑनलाइन डेटा फीडिंग, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, स्वास्थ्य अभिलेखों के रखरखाव तथा डिजिटल स्वास्थ्य सूचना प्रणाली से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपनिदेशक ने अधिकारियों को रिपोर्टिंग प्रारूपों की बारीकियों से अवगत कराते हुए समयबद्ध, सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नीति निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक के उपरांत डॉ. सचदेवा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चम्बा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोलाखाल, जिला चिकित्सालय बौराड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर माल्डा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी सेवाओं, प्रयोगशाला व्यवस्थाओं, औषधि उपलब्धता, स्वास्थ्य अभिलेखों के संधारण, मानव संसाधनों की उपलब्धता, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग प्रणाली का जायजा लिया। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग का भी अवलोकन किया।
उपनिदेशक ने स्वास्थ्य संस्थानों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, स्वास्थ्य आंकड़ों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा निर्धारित प्रारूपों के अनुरूप नियमित एवं त्रुटिरहित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने उपनिदेशक का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद में आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सूचना प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को प्रेषित किया जाएगा। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
