टिहरी
शिक्षक दिवस पर नई टिहरी में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह, ‘शराब नहीं संस्कार चाहिए’ मुहिम बनी आकर्षण का केंद्र
5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगरपालिका परिषद टिहरी द्वारा त्रिहरि सिनेमा हॉल में दिव्य एवं भव्य शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया था।
कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष श्री मोहन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिक्षा विभाग की ओर से उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
पूर्ण शराबबंदी वाली शादी को किया सम्मानित
समारोह के दौरान नगरपालिका की अभिनव पहल ‘शराब नहीं, संस्कार चाहिए’ मुहिम के तहत एक मिसाल पेश करने वाली महिला को सम्मानित किया गया। नगरपालिका बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव के क्रम में श्रीमती सीमा रावत पत्नी स्वर्गीय मकान सिंह रावत ने अपनी पुत्री का विवाह पूर्ण शराब प्रतिबंध के साथ संपन्न कराया। इस सराहनीय कार्य के लिए अध्यक्ष श्री मोहन सिंह रावत द्वारा उन्हें 2100 रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि श्रीमती सीमा रावत ने समाज के सामने एक नई दिशा रखी है। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों से अपील की कि इस मुहिम को एक जन आंदोलन बनाएं और जागरूक नागरिक के रूप में नगर, जनपद, प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सचिव न्यायाधीश श्री दयाराम, नगरपालिका चंबा की अध्यक्ष श्रीमती शोभनी धनौला, ब्लॉक प्रमुख चंबा श्रीमती सुमन सजवाण, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी गढ़वाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक, डायट नई टिहरी के प्राचार्य श्री दीपक रतूड़ी, राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बोराड़ी के प्रवक्ता श्री मनोज असवाल सहित नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
