देवल पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन हत्याकांड की CBI जांच की मांग

टिहरी

देवल पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन हत्याकांड की CBI जांच की मांग

आखिरकार दो बार रोके जाने के बाद नगीना सांसद व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मंगलवार शाम प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे। उन्होंने केतन लाल हत्याकांड में मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया।

क्या है मामला
8 जून को देवल गांव निवासी केतन लाल की मारपीट के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव है।

सांसद को रोकने का पूरा घटनाक्रम

28 जून:

सांसद केतन के परिजनों से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देकर हरिद्वार में ही रोक दिया। सांसद वहीं धरने पर बैठ गए थे। पुलिस के 30 जून को मुलाकात कराने के आश्वासन पर वापस लौटे।

मंगलवार: काफिले के साथ प्रतापनगर जाते समय फिर हरिद्वार में रोका गया। सीमित लोगों के साथ अनुमति मिली।

भद्रकाली: वाहनों की कतार बढ़ने पर समर्थकों को रोका गया।
नरेंद्रनगर: फिर रोके जाने पर नाराज सांसद बारिश में 3 किमी पैदल हिंडोलाखाल तक गए। आखिरकार पुलिस ने स्कॉट वाहन सहित तीन वाहनों को आगे जाने दिया। शाम 6:15 बजे सांसद देवल पहुंचे।

 

परिजनों से क्या बोले आजाद

केतन के पिता धनपाल लाल से मिलकर सांसद ने कहा कि वह न्याय की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेंगे। परिवार को धैर्य रखने की अपील की। बोले, “न्याय मिलने तक आवाज बुलंद करते रहेंगे। उत्तराखंड की शांत वादियों में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मामले की CBI जांच की मांग की।

सुरक्षा रही कड़ी
सांसद के दौरे को देखते हुए देवल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा।