टिहरी
11 एवं 12 जुलाई को मुनिकीरेती में आयोजित होगी अंडर-18 जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता, प्रविष्टियां 10 जुलाई तक आमंत्रित
खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड, देहरादून के सौजन्य एवं जिला प्रशासन, टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय, टिहरी गढ़वाल द्वारा 11 एवं 12 जुलाई, 2026 को श्रीपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुनिकीरेती में अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग की जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग हेतु प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इच्छुक विद्यालय एवं टीमें अपनी प्रविष्टियां 10 जुलाई, 2026 तक अनिवार्य रूप से जिला खेल कार्यालय में जमा करें।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीम में अधिकतम 12 खिलाड़ी होंगे तथा टीम के साथ अनुशासन की दृष्टि से टीम मैनेजर का उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों की सूची एवं जन्मतिथि संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा सत्यापित कर प्रस्तुत करनी होगी। प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 01 जनवरी, 2008 अथवा उसके बाद की हो।
प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों को निर्धारित स्पोर्ट्स किट/टीम कलर में प्रतिभाग करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जाएगी तथा निर्णायक समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को खेल विभाग द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतिभाग करने वाली टीमों को आने-जाने का किराया, भोजन, आवास एवं अन्य व्यवस्थाएं स्वयं करनी होंगी। निर्धारित मानकों के अनुसार देय भुगतान विभाग द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी एवं विद्यालय कॉन्ट्रैक्ट खेल प्रशिक्षक मनीष गिरी गोस्वामी (मो. 9557814690) तथा हेमन्त भारती (मो. 8923319918) से 10 जुलाई, 2026 तक संपर्क कर सकते हैं।
