हरिद्वार
हरिद्वार में करोड़ों का छात्रवृत्ति घोटाला उजागर, 19 स्कूल-कॉलेजों पर FIR, SIT करेगी जांच
अल्पसंख्यक छात्रों के लिए केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजना में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) की जांच में हरिद्वार जिले के 19 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान संदिग्ध पाए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की शिकायत पर सिडकुल थाने में सभी संस्थानों के खिलाफ धोखाधड़ी और सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
यह मामला वर्ष 2021-22 और 2022-23 की छात्रवृत्ति से जुड़ा है। आरोप है कि इन संस्थानों ने अल्पसंख्यक छात्रों के नाम पर फर्जी तरीके से करोड़ों की छात्रवृत्ति हासिल की। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने 21 मार्च 2025 को उत्तराखंड शासन को पत्र भेजकर NSP पर संदिग्ध पाए गए संस्थानों की जांच के निर्देश दिए थे।
इसके बाद 19 मई 2025 को उत्तराखंड शासन ने सभी जिलाधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। हरिद्वार के तत्कालीन DM ने 24 मई 2025 को SDM भगवानपुर, लक्सर, हरिद्वार और रुड़की की अध्यक्षता में जांच समितियां बनाईं। जून 2025 में समितियों ने रिपोर्ट सौंपी, जिसमें वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई।
FIR और SIT जांच
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत ने बताया, “SDM की जांच रिपोर्ट के अनुसार संबंधित संस्थानों द्वारा वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी और शासकीय धन के गबन का मामला प्रतीत होता है। इसी आधार पर FIR दर्ज कराई गई है।”
SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा, “जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर पर 19 संस्थानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला करोड़ों की छात्रवृत्ति से जुड़ा हो सकता है। CO सदर एसपी बलूनी के नेतृत्व में SIT का गठन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”
इन 19 संस्थानों पर दर्ज हुआ केस
गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल सहदेवपुर, एम.जी. पब्लिक स्कूल अहमदपुर ग्रांट, ए.एस.एन. इंटर कॉलेज धीरवाली ज्वालापुर, सैनी प्राइवेट आईटीआई बहादराबाद, जय भारती प्राइवेट आईटीआई धनपुरा, एसबीएन प्राइवेट आईटीआई टिक्कमपुर, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर मुस्तफाबाद, विश्व भारती पब्लिक स्कूल गाडोवाली, मदरसा नूर-ए-हसन हरिद्वार, जय भारत पीएस बिन्दुखड़क, हन्नू आईटीआई भगवानपुर, रेडियंस एकेडमी नेहन्दपुर सुठारी लक्सर, रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहमतपुर रुड़की, रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पुहाना, महर्षि दयानंद प्राइवेट आईटीआई धनौरी, संस्कृति पब्लिक स्कूल भौरी रुड़की, फोनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस इमलीखेड़ा रुड़की, एसडीपीसी गर्ल्स इंटर कॉलेज रुड़की, ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन बढ़ेड़ी राजपूताना रुड़की।
फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। SIT की रिपोर्ट के बाद घोटाले की असल राशि और दोषियों की भूमिका साफ हो पाएगी।
