मदननेगी CHC में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 127 मरीज लाभान्वित
ENT, शिशु रोग, स्त्री रोग व अस्थि रोग विशेषज्ञ दे रहे परामर्श, निःशुल्क दवाएँ वितरित
टिहरी
प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत सेवा सप्ताह के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदननेगी में तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का सोमवार को शुभारंभ हुआ। 13 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के नागरिकों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री ईशिता सजवाण ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, कनिष्ठ प्रमुख कीर्ति सिंह पंवार तथा पूर्व राज्य मंत्री प्रेम दत्त जुयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पहले दिन 127 मरीजों का उपचार
शिविर के प्रथम दिवस में कुल 127 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। शिविर में नाक, कान एवं गला रोग, शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा अस्थि रोग विशेषज्ञों द्वारा परामर्श एवं उपचार सेवाएँ दी गईं। मरीजों की आवश्यक जांचें करने के साथ निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने रोगियों को जीवनशैली व बचाव संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा। विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में विशेषज्ञ परामर्श के साथ-साथ विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि पात्र नागरिक योजनाओं का लाभ ले सकें।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इस शिविर को जनहित में अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
