उत्तराखंड:
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 19 लाख मतदाताओं को मिलेगा नोटिस
चुनाव आयोग ने उत्तराखंड में SIR के पहले चरण के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
71 लाख से ज्यादा मतदाता सूची में शामिल
नई ड्राफ्ट लिस्ट में कुल 71,33,785 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,23,000 पुरुष और 34,23,000 महिला मतदाता हैं। सबसे ज्यादा मतदाता हरिद्वार में 12,45,000, देहरादून में 11,90,000 और ऊधमसिंह नगर में 11,55,000 हैं। वहीं रुद्रप्रयाग में 1.80 लाख, चम्पावत में 1.88 लाख और बागेश्वर में 2,00,919 मतदाता दर्ज हुए हैं।
19 लाख को नोटिस, 11 सितंबर तक निपटारा
जोगदंडे ने बताया कि SIR फॉर्म में विसंगतियों के कारण 19 लाख मतदाताओं को चुनाव आयोग नोटिस जारी करेगा। इन नोटिस और आपत्तियों का निपटारा 11 सितंबर तक किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुनवाई न्याय पंचायत स्तर पर होगी।
मतदान केंद्र भी बढ़े
प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 11,733 से बढ़ाकर 12,543 कर दी गई है। फाइनल मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।
ऐसे चेक करें अपना नाम
मतदाता http://ceo.uk.gov.in वेबसाइट पर EPIC नंबर डालकर अपना नाम सर्च कर सकते हैं। इसके अलावा BLO, तहसीलदार, SDM या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी ड्राफ्ट लिस्ट देखी जा सकती है। लिस्ट में नाम होने का मतलब है कि वोट सुरक्षित है, लेकिन विसंगति पर नोटिस आ सकता है।
SIR फॉर्म न भरने वालों के लिए जरूरी
जिन मतदाताओं ने SIR प्रपत्र नहीं भरा और BLO ने उन्हें अनकलेक्टेबल श्रेणी में डाल दिया है, उनका नाम इस लिस्ट में नहीं है। ऐसे मतदाताओं को नए सिरे से फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरना होगा, तभी वोट बनेगा।
