अमूल के बाद अब आंचल दूध भी हुआ महंगा,एक जून से लागू होंगी बढ़ी हुई दरें

उत्तराखंड

अमूल के बाद अब आंचल दूध भी हुआ महंगा,एक जून से लागू होंगी बढ़ी हुई दरें

उत्तराखंड दुग्ध सहकारी फेडरेशन ने आंचल ब्रांड दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें नैनीताल और हरिद्वार जिलों में लागू हो चुकी हैं, जबकि देहरादून में बढ़ी हुई कीमतें 1 जून से प्रभावी होंगी।
अमूल दूध के दाम बढ़ने के बाद अब आंचल दूध भी महंगा हो गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथिन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दूध के दाम पर पड़ा है। दुग्ध विकास विभाग के सहायक निदेशक जयदीप अरोड़ा ने बताया कि नैनीताल और हरिद्वार जिलों में पिछले सप्ताह से नई दरें लागू कर दी गई हैं। वहीं देहरादून जिले में उपभोक्ताओं को 1 जून से बढ़ी हुई कीमत पर दूध मिलेगा। बताया जा रहा है कि आंचल दूध की सबसे ज्यादा खपत प्रदेश के मैदानी जिलों में होती है, इसलिए फिलहाल तीन जिलों में ही कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
प्रदेश में दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 56 हजार पशुपालकों से दूध संग्रह किया जाता है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 2.40 लाख लीटर दूध का उपार्जन हो रहा है।