टिहरी
अपर जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारी का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को उप तहसील मदन नेगी तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उप तहसील मदन नेगी के निरीक्षण के दौरान कार्यरत वरिष्ठ सहायक मनोज नेगी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का निरीक्षण किया। उन्होंने वेलनेस सेंटर में बंद पड़ी मशीनों को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके। दवाओं का स्टॉक कम पाए जाने पर उन्होंने समय रहते उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर के आसपास उगी झाड़ियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल कटवाने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
