हल्द्वानी
पेपर लीक पर उत्तराखंड में उबाल: हल्द्वानी में CJP-NSUI का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक
NEET-UG और उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक के मामलों को लेकर कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में शुक्रवार को छात्र संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी विरोध के आह्वान पर बुद्ध पार्क में NSUI, उत्तराखंड क्रांति दल, आइसा व परिवर्तनकामी छात्र संगठन के कार्यकर्ता एकजुट हुए।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने NEET-UG पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही UTU में सामने आए पेपर लीक प्रकरण और परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी पर भी सवाल उठाए। NSUI जिलाध्यक्ष विवेक मिश्रा ने कहा, “शिक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। पहले प्रतियोगी परीक्षाएं, अब विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं भी सुरक्षित नहीं।”
तिकोनिया पर पुलिस से झड़प, जाम लगा
दोपहर करीब 12:30 बजे सभी संगठन बुद्ध पार्क से जिलाधिकारी कैंप कार्यालय तक रैली निकाल रहे थे। इस दौरान NSUI कार्यकर्ता शव यात्रा निकाल रहे थे। तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने आर्थी छीनने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। प्रदर्शन के कारण तिकोनिया पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
राष्ट्रपति-PM को भेजा ज्ञापन
प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में DM कैंप कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में NEET-UG की CBI जांच, शिक्षा मंत्री व तकनीकी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक रोकने के लिए ठोस नीति की मांग की गई है।
MBPG कॉलेज से भी निकली रैली
प्रदेश के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में भी NSUI कार्यकर्ता एकजुट हुए। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर से बुद्ध पार्क तक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया।
गौरतलब है कि दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। उत्तराखंड में पहले भी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं।
