टिहरी
नई टिहरी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महिला की हत्या के मामले में टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पुत्र की तलाश जारी
दिनांक 28 जुलाई, 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि श्रीमती डुगा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह, उम्र करीब 52 वर्ष निवासी भटगांव, कोटी खास की अज्ञात भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक नई टिहरी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी नई टिहरी भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए।
प्रारंभिक जांच एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मृतका के बड़े पुत्र अजय सजवान (उम्र लगभग 35 वर्ष) द्वारा घटना कारित किया जाना प्रकाश में आया है। घटना के बाद से अभियुक्त फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया है। एसडीआरएफ एवं वन विभाग के सहयोग से संभावित स्थानों पर सघन तलाश एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
मृतका के भतीजे कृष्ण सजवान की तहरीर के आधार पर कोतवाली नई टिहरी में संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभियुक्त मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है तथा पूर्व में भी कई-कई दिनों तक घर से गायब रहकर जंगलों में भटकता रहता था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में टिहरी पुलिस की टीमें अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु लगातार संभावित स्थानों पर तलाश एवं कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं। शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
