टिहरी (बागी)
शराब नहीं, संस्कार मुहिम के तहत टीएचडीसी से सेवानिवृत्त संतोष तोपवाल का सम्मान
“शराब नहीं, संस्कार” जनजागरण अभियान के अंतर्गत ग्राम समाज सुधार समिति, बागी द्वारा टीएचडीसी से सेवानिवृत्त संतोष तोपवाल को उनके द्वारा अपनी सेवानिवृत पार्टी पर मांस एवं मदिरा का सेवन न करने तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बागी ग्रामपंचायत के द्वारा पूर्व में नशामुक्त पंचायत का प्रस्ताव किया गया है।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संतोष तोपवाल को पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं सम्मान-पत्र भेंट कर उनके अनुकरणीय जीवन मूल्यों की सराहना की गई।
शराब नहीं, संस्कार मुहिम के प्रणेता एवं प्रदेश संयोजक, एनजीओ प्रकोष्ठ, भाजपा उत्तराखंड सुशील बहुगुणा ने कहा कि “समाज में वास्तविक सम्मान उसी व्यक्ति का होता है जो अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनता है। नशामुक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार को आगे आना होगा। संतोष तोपवाल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है।”
सम्मानित संतोष तोपवाल ने कहा कि उन्होंने सदैव सादा, संयमित एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर अच्छे संस्कार अपनाए तो परिवार, समाज और राष्ट्र सभी मजबूत होंगे। उन्होंने ग्राम समाज सुधार समिति एवं “शराब नहीं, संस्कार” मुहिम का आभार व्यक्त किया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंदी नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में नशामुक्त समाज का निर्माण सबसे बड़ी आवश्यकता है। ग्राम समाज सुधार समिति द्वारा इस प्रकार के प्रेरक सम्मान समारोह आयोजित करना अत्यंत सराहनीय पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कविता नेगी क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता नेगी ,उपप्रधान अजीत कठैत,ग्राम समाज सुधार समिति के अध्यक्ष प्रियंका चौहान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य अमिता नेगी, मीना नेगी, प्रमिला नेगी, सीमा नेगी , संगीता राणा , रीना तोपवाल, सरिता तोपवाल,अरविंद तोपवाल, सचिन तोपवाल, नीतू तोपवाल, शिवानी तोपवाल, पूना देवी एवं रीता देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन में शराब नही संस्कार मुहिम के लक्ष्मी बहुगुणा व जगदीश बडोनी ने नशामुक्त, संस्कारित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प करने के साथ हुआ।
