सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत सीएचसी बेलेश्वर, विकासखण्ड भिलंगना में तीन दिवसीय बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ

सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत सीएचसी बेलेश्वर, विकासखण्ड भिलंगना में तीन दिवसीय बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ

टिहरी

सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड भिलंगना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बेलेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख भिलंगना, माननीय श्री राजीव खंडारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर माननीय ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के नागरिकों को उनके निकट ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस पहल की सराहना करते हुए आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर के प्रथम दिवस में 150 से अधिक मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हड्डी रोग, नेत्र रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, सामान्य शल्य चिकित्सा, फिजिशियन, मनोरोग, ईएनटी, दंत रोग सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही आवश्यक चिकित्सीय जांचें की गईं, पात्र मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है। यह तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आगामी दिनों में भी विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से क्षेत्रवासियों को लाभान्वित करता रहेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल ने जनसामान्य से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।