खोया-पाया केंद्र जानकी सेतु की तत्परता से बिछड़ी 3 वर्षीय बच्ची सकुशल परिजनों से मिली

टिहरी

खोया-पाया केंद्र जानकी सेतु की तत्परता से बिछड़ी 3 वर्षीय बच्ची सकुशल परिजनों से मिली

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं सुविधा के लिए स्थापित खोया-पाया केंद्र निरंतर मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज कांवड़ मेले के दौरान लगभग 03 वर्षीय एक मासूम बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसकी पहचान का प्रयास किया। बच्ची द्वारा अपना नाम एवं पता स्पष्ट रूप से न बता पाने के बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य, संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए सार्वजनिक उद्घोषणा, खोया-पाया तंत्र एवं अन्य माध्यमों से उसके परिजनों की तलाश शुरू की।

पुलिस के त्वरित एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप बच्ची के पिता एवं माता निवासी भिवानी, हरियाणा, का पता लगाया गया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बच्ची को खोया-पाया केंद्र, जानकी सेतु पर सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

अपनी मासूम बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता एवं अन्य परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता एवं सेवा-भाव की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

टिहरी पुलिस सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि कांवड़ मेले के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा अथवा व्यक्ति अपने परिजनों से बिछड़ जाए तो घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल निकटतम पुलिस सहायता केंद्र अथवा खोया-पाया केंद्र से संपर्क करें। टिहरी पुलिस आपकी सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।