टिहरी
जिला चिकित्सालय बौराड़ी में नव नियुक्त प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल ने किया कार्यभार ग्रहण
जिला चिकित्सालय बौराड़ी में नव नियुक्त प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल ने आज विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जनपद के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ. बृजेश डोभाल ने कहा—मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता
नव नियुक्त प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय बौराड़ी में मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार के साथ बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए पूरी टीम के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। साथ ही उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर जनपद के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं चिकित्सालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने विचार रखते हुए नव नियुक्त प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को शुभकामनाएं दीं तथा चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में डॉ. शशांक रमोला, डॉ. यश मोहन, डॉ. पुखराज सिंह, डॉ. पूनम, डॉ. नीरज कर्दम, डॉ. मिथुन, सुनील भंडारी, बीना सिंह, देवंती डबराल, सरिता चौहान, विनोद सकलानी सहित चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
